नयी दिल्ली , मार्च 15 -- केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार विभाग की "समृद्ध ग्राम फिजिटल सेवाएं" पायलट पहल के अंतर्गत मध्य प्रदेश के गुना जिले के उमरी गांव में एकीकृत फिजिटल सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।

फिजिटल शब्द अंग्रेजी के फिजिकल (भौतिक) और डिजिटल शब्दों के मेल से बना है।

'समृद्ध ग्राम फिजिटल सेवा' भारतनेट के तहत निर्मित उच्च गति वाली ब्रॉडबैंड अवसंरचना का उपयोग करते हुए डिजिटल संपर्क सुविधा को ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक-केंद्रित सेवाओं के एकीकृत आपूर्ति के प्लेटफॉर्म में बदलने का प्रयास है। इसकी परिकल्पना एक सिंगल-विंडो ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में की गयी है, जहां स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, वित्तीय सेवाएं, ई-गवर्नेंस सहायता, उद्यमिता प्रोत्साहन तथा डिजिटल कनेक्टिविटी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

श्री सिंधिया ने कहा कि उमरी गांव में समृद्ध ग्राम पहल के शुभारंभ के साथ दुनिया को उमरी तक लाया जा रहा है। प्रौद्योगिकी की मदद से शिक्षा और कृषि से लेकर स्वास्थ्य तथा सरकारी सेवाओं तक लोगों तक नये अवसर सीधे पहुंचाये जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किसानों को मिट्टी की नमी, पोषक तत्वों तथा फसल के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी प्राप्त होगी, जिससे कृषि अधिक स्मार्ट और उत्पादक बनेगी। छात्रों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों तक पहुंच मिलेगी। लोगों को दिल्ली और अन्य राज्यों के चिकित्सकों से टेली-परामर्श के माध्यम से त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। खून जांच की रिपोर्ट 30 मिनट से भी कम समय में प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में प्रमाणपत्रों से लेकर ई-बैंकिंग तक सभी आवश्यक सरकारी सेवाएं मिलेंगी।।

मंत्री ने कहा कि समृद्ध ग्राम पहल केवल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने तक सीमित न रहकर, ग्रामीण भारत में एकीकृत डिजिटल सेवा वितरण तंत्र विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है।

केंद्र में शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए स्मार्ट क्लासरूम अवसंरचना, डिजिटल लर्निंग सुविधाएं, राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा समर्थित डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम उपलब्ध होंगे।

कृषि संबंधी सेवाओं के अंतर्गत मिट्टी परीक्षण सहायता, कृषि परामर्श सेवाएं, आधुनिक खेती की तकनीकों तक पहुंच तथा ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं प्रदान की जायेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित