शिवपुरी , सितंबर 01 -- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को शिवपुरी में नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में लोकार्पित शिवपुरी के अमृत भारत रेलवे स्टेशन से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिली हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर अमृत रेलवे स्टेशन योजना के तहत किए गए विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने शिवपुरी के नए बस स्टैंड के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से आवागमन और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री सिंधिया पिछले एक दिन से शिवपुरी जिले के प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने ग्राम तानपुरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम ठर्रा उप तहसील, ग्राम सिंहनिवास के उपकेंद्र तथा शिवपुरी में नवनिर्मित 50 बिस्तरों वाले अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक छात्रावास का लोकार्पण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित