चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने चरखी दादरी और भिवानी जिलों में सिंचाई से जुड़ी लंबित समस्याओं, चल रही परियोजनाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने एलडब्ल्यूएस एवं वाईडब्ल्यूएस सर्कल, भिवानी के अधिकारियों के साथ बैठक में वन संबंधी स्वीकृतियों, पानी की चोरी रोकने, भूमि के संरेखण और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लंबित स्वीकृतियों और अन्य बाधाओं को जल्द दूर किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान किए गए बाढ़ सुरक्षा और रखरखाव कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और सिंचाई ढांचे का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान लोहारू, भिवानी, तोशाम, बवानी खेड़ा और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्रों में सिंचाई संबंधी समस्याओं, जारी परियोजनाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित