भोपाल , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में आज आवारा श्वानों के मुद्दे को लेकर हुई लंबी चर्चा के मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा।

श्री सिंघार ने सदन में चर्चा के बाद कहा कि सरकार के लिए इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों से कहीं अधिक आवारा श्वान अहम हैं।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी बड़ी त्रासदी पर चर्चा से परहेज़ किया जा रहा है। यदि विधानसभा में आवारा श्वानों के मुद्दे पर बहस हो सकती है, तो 35 लोगों की मौत पर चर्चा से बचना सरकार की असंवेदनशीलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

वहीं इसके पहले बजट सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस विधायकों ने हाथों में गंदे पानी से भरी बोतलें और नारे लिखी तख्तियां लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित