मुंबई , अगस्त 18 -- अभिनेत्री आध्या आनंद ने कहा है कि नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'बॉम्बे बेगम्स' में काम करने के लिए सिंगापुर से मुंबई आना उनके जीवन और अभिनय करियर का निर्णायक मोड़ साबित हुआ।आध्या ने बताया कि उस समय वह सिंगापुर में अपनी पढ़ाई जारी रखने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने 'बॉम्बे बेगम्स' के लिए हुए देशव्यापी ऑडिशन में हिस्सा लिया। ऑडिशन के कई दौर के बाद करीब सात से आठ महीने में उन्हें वापस बुलाया गया और निर्माताओं ने उन्हें मुंबई आकर कार्यशालाओं में शामिल होने के लिए कहा।

उन्होंने कहा, "मेरे माता-पिता पूरी यात्रा में मेरी रीढ़ की हड्डी रहे। आमतौर पर कोई भी माता-पिता छठी कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे को इतना बड़ा कदम उठाने की आजादी और समर्थन नहीं देंगे, लेकिन वे मेरे साथ खड़े रहे और उन्होंने मुझ पर विश्वास किया। मुझे पता था कि मुझे अपने सपने को पूरा करना है और इसी तरह मैं 'बॉम्बे बेगम्स' के लिए बॉम्बे आई।"आध्या आनंद ने कहा कि उस समय वह छठी कक्षा में थीं और उन्हें सिंगापुर के एक प्रतिष्ठित माध्यमिक विद्यालय में दाखिला मिल चुका था। ऐसे में इतनी कम उम्र में पढ़ाई के साथ अभिनय को करियर के रूप में चुनना उनके लिए बड़ा फैसला था। उनकी मां भी उनके साथ मुंबई आईं और नए शहर, नए स्कूल तथा अभिनय की जिम्मेदारियों के बीच उनका लगातार साथ दिया।

सिंगापुर में पली-बढ़ी आध्या ने 'बॉम्बे बेगम्स' से पहले 'ए येलो बर्ड', 'लायन मम्स' और 'हूपी'ज वर्ल्ड' जैसे प्रोजेक्ट्स में बाल कलाकार के रूप में काम किया था। उन्होंने टेलीविजन पर प्रस्तोता के तौर पर भी काम किया और नृत्य में भी सक्रिय रहीं।

'बॉम्बे बेगम्स' के बाद आध्या ने 'क्रश्ड' में मुख्य भूमिका निभाई और इसके चार सीजन में नजर आईं। वह 'फ्राइडे नाइट प्लान' और 'ब्रेवहार्ट्स' समेत कई अन्य प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रही हैं।

आध्या अब फिल्मकार मधुर भंडारकर के आगामी प्रोजेक्ट में नजर आएंगी। अभिनेत्री का कहना है कि अलग-अलग तरह के किरदारों और शैलियों को आजमाते हुए वह लगातार अपने अभिनय के दायरे को बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित