रायपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तीन से छह अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे और सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम-2026 में राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार विदेश मंत्रालय, केन्द्र सरकार के नामांकन पर छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में भाग लेने का अवसर मिला है। इस दौरान राज्य की औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं को सिंगापुर के निवेशकों, उद्यमियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

सिंग फोरम-2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से किया जा रहा है। इसमें भारत और सिंगापुर के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि और निवेशक हिस्सा लेंगे। फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ व्यापार और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री फोरम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी देंगे। प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ राज्य में दीर्घकालिक आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा करेगा।

सिंगापुर प्रवास के दौरान राज्य प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, 'मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे' के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान तथा संभावित सहयोग पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और राज्य के विकास के नए रास्ते खोलने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वैश्विक विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से छत्तीसगढ़ को जोड़कर विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित