रायपुर , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चार दिवसीय सिंगापुर यात्रा पूरी कर बुधवार को रायपुर लौट आए। इस यात्रा के दौरान राज्य को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल क्षेत्र में 41,750 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता प्रमुख है।
सिंगापुर में आयोजित पहले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (एसआईएनजी) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ ने केन्द्र सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर भागीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 15 से ज्यादा ग्लोबल कंपनियों के सीईओ के साथ गोलमेज बैठक कर राज्य में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, औद्योगिक नीतियों और आधारभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
यात्रा के दौरान सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव एआई और डिजिटल सेक्टर में मिला। सिंगापुर मुख्यालय वाली कंपनी एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता जताई है। प्रस्तावित परियोजना को मध्य भारत का सबसे बड़ा एआई डेटा सेंटर कैंपस बताया गया है।
कंपनी के सीईओ स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जिस ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है, वह छत्तीसगढ़ में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित