रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन 'सिंग फोरम' के मंच से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए औद्योगिक विकास, प्राकृतिक संसाधनों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी दी।

श्री साय ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास के अनुभव को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ जोड़कर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित