अमरावती , जून 17 -- सिंगापुर के 'ग्लोबल स्कूल्स ग्रुप' (जीएसजी) ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में अपने प्रमुख संस्थान 'ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल' (जीआईआईएस) का नया कैंपस स्थापित करने की घोषणा की है।

स्कूल की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रस्तावित कैंपस थुल्लुरु मंडल के सखामुरु गांव में चार एकड़ भूमि पर विकसित किया जायेगा, जिसमें 100 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस परियोजना से क्षेत्र के शैक्षिक बुनियादी ढांचे को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह अमरावती के दीर्घकालिक विकास की संभावनाओं में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विश्वास को भी दर्शाता है।

परियोजना के लिए 'राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण' (सीआरडीए) और जीआईआईएस के बीच एक औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किये गये। इसपर सीआरडीए के संयुक्त निदेशक जुबिन रॉय और भारत में जीआईआईएस के प्रमुख राजीव कौल ने हस्ताक्षर किये।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह नया के-12 कैंपस आधुनिक तकनीक से लैस कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल के मैदानों, कला केंद्रों और समग्र विकास केंद्रों से सुसज्जित होगा। छात्रों को जीआईआईएस के वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त शैक्षिक ढांचे का लाभ मिलेगा, जो अकादमिक उत्कृष्टता को नेतृत्व विकास, उद्यमिता, मूल्य-आधारित शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के अनुकूल कौशल के साथ जोड़ता है।

इस पहल पर टिप्पणी करते हुए जीएसजी के अध्यक्ष और सह-संस्थापक अतुल तेमुर्नीकर ने कहा कि संस्थान आंध्र प्रदेश के 'स्वर्ण आंध्र विजन 2047' में योगदान देकर सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और राज्य सरकार को एक ऐसा माहौल तैयार करने के लिए धन्यवाद दिया जो वैश्विक संस्थानों का स्वागत करता है और शिक्षा व मानव पूंजी विकास में निवेश को बढ़ावा देता है।

श्री तेमुर्नीकर ने कहा कि अमरावती में जीआईआईएस की स्थापना इस क्षेत्र के भविष्य में एक निवेश है। इसका उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करना है, जो उन्हें तेजी से बदलती दुनिया में सफल होने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल, मूल्य और टिकाऊ सोच से लैस करेगी।

मुख्यमंत्री ने अपनी हालिया सिंगापुर यात्रा के दौरान अतुल तेमुर्नीकर से मुलाकात की थी और अमरावती में जीआईआईएस का स्वागत करते हुए इस परियोजना को राजधानी शहर के शैक्षिक परिवेश के लिए एक महत्वपूर्ण जुड़ाव बताया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित