कुशीनगर , अप्रैल 05 -- उत्तर प्रदेश में निवेश और पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में सिंगापुर के उच्चायुक्त एचई साइमन वोंग की कुशीनगर यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया सिंगापुर दौरे के दौरान हुए समझौतों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।
लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद वोंग वंदे भारत एक्सप्रेस से गोरखपुर होते हुए कुशीनगर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने उनका स्वागत किया। उच्चायुक्त ने महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा-अर्चना की और रामाभर स्तूप, माथा कुंवर तथा थाई मंदिर का भ्रमण किया। उन्होंने इंटरनेशनल बौद्धिस्ट कॉन्क्लेव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वैश्विक सहयोग और आध्यात्मिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
जिलाधिकारी और उच्चायुक्त के बीच कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन हब के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। इसमें सांस्कृतिक दूतावासों की स्थापना, आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर, भाषाई स्कूल, रिसॉर्ट सिटी, वेडिंग डेस्टिनेशन और आवासीय टाउनशिप जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
उच्चायुक्त ने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना करते हुए कहा कि सिंगापुर समेत बौद्ध देशों से उड़ानों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने इस दौरे को उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच आर्थिक संबंधों के नए युग की शुरुआत बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित