चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, इसलिए युवाओं को कपड़े के थैलों और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाकर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए।
उन्होंने गुरुग्राम में आयोजित पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत और विकसित भारत संबंधी संदेश को भी सुना। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाए, तो स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त भारत का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का महत्वपूर्ण जिला है और यहां के पर्यावरण की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बरसात का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी पांच वर्षों तक देखभाल करने का संकल्प भी ले। इससे वह पौधा भविष्य में एक मजबूत वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान करेगा।
श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। ऐसे में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कुछ युवा गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जो समाज और देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व अन्य साथियों को भी नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित