पुणे , सितंबर 6 -- महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि राज्य में 'सिंगल मदर' (ऐसी मां जो अकेले अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं) को सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव सरकार के स्तर पर विचाराधीन है।
यहां कोथरूड में 'पुनर्निर्माण सोशल फाउंडेशन' द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए श्री पाटिल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कई परिवार हैं जहां महिलाएं ही परिवार का एकमात्र सहारा हैं। सरकार ऐसे परिवारों की पहचान कर उन्हें सहायता देने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के तहत एक समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार सिंगल मदर परिवारों को सहायता देने पर अंतिम फैसला लेगी। एक सर्वेक्षण के निष्कर्षों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पुणे के कोथरूड क्षेत्र में लगभग 950 सिंगल मदर की पहचान की गई थी, जिसके बाद 'समुत्कर्ष ग्राहक पेठ' के माध्यम से उन्हें रियायती दरों पर अनाज उपलब्ध कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित