देहरादून , मार्च 08 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ''साड़ी गौरव मैराथन'' का आयोजन रविवार को देहरादून के जिला प्रोबेशन कार्यालय ने महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में किया। इस विशेषमैराथन में पारम्परिक भारतीय परिधान साड़ी में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए उत्साह और ऊर्जा का परिचय दिया।
मैराथन का शुभारम्भ नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से किया गया, जो आगे दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 02 तथा 03 किलोमीटर की दूरी पर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारम्परिक परिधान में दौड़ लगाकर समाज में महिलाओं की शक्ति, आत्म विश्वास और सक्रियता का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परम्पराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।
कुल 70 से अधिक महिलाओं ने इस मैराथन में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 02 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान नविता, द्वितीय स्थान रेखा चौहान तथा तृतीय स्थान मीनू तड़ियाल ने प्राप्त किया। जबकि 03 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान गीता बहुगुणा, द्वितीय स्थान रियांका तथा तृतीय स्थान ऋतु ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभाग करने वाली महिला मानेश्वरी को भी उनके उत्साह एवं प्रेरणादायी सहभागिता के लिए मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित