सोनभद्र , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक हाईवा ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि मडैया गांव के समीप शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन युवक एक ही बाइक से मकरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद एक युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर पिपरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को कब्जे में लेकर हिंडालको चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान छोटू कुमार (20) पुत्र सिद्धनाथ निवासी पाटी टोला कुटियाही, थाना पिपरी, सुनील कुमार (16) पुत्र रामप्यारे निवासी पाटी टोला कुटियाही, थाना पिपरी तथा रामबदन (35) निवासी रणहोर, थाना अनपरा के रूप में हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित