रायपुर , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम निर्णय लेते हुए वर्ष 2013 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी शैलाभ कुमार साहू को परिवहन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, संसदीय कार्य और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप का विशेष सहायक नियुक्त किया है।

इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक श्री साहू की नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि उप सचिव पुलक भट्टाचार्य को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ ई-ऑफिस, एसपीएआर्रआरओडब्ल्यू, ई-एचआरएमएस तथा सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

श्री साहू ने अपने प्रशासनिक करियर के दौरान बलौदाबाजार, गरियाबंद और सारंगढ़ जिलों में कार्य करते हुए उल्लेखनीय कार्यशैली का परिचय दिया है। इसके अलावा उन्होंने संसदीय चुनावों के दौरान मुख्य निर्वाचन कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। परिवहन विभाग में भी उन्होंने लंबे समय तक आईटी से संबंधित कार्यों का संचालन किया है।

मंत्रालय में शैलाभ श्री साहू प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में गिने जाते हैं। राज्य में ई-ऑफिस, ई-एचआरएमएस और एसपीएआरआरओडब्ल्यू जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को एक रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य नीति निर्माण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित