भीलवाड़ा , जुलाई 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में बावलास गांव में साहूकार शोभालाल जैन की हत्या के मामले में पुलिस लगातार दूसरे दिन भी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हत्या के बाद शव को कुएं में फेंककर फरार हुए दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने भीलवाड़ा सहित आसपास के कई जिलों में ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।

पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी और बागोर थाना प्रभारी बछराज के नेतृत्व में विशेष दल गठित करके अलग-अलग स्थानों पर रवाना किये गये हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद से फरार दोनों संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली थी, जिसके आधार पर एक स्थान पर दबिश दी गई, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्ध पुलिस के पहुंचने से कुछ समय पहले ही वहां से निकल चुके थे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा तेज कर दिया है और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गयी है।

पुलिस केवल इन दोनों संदिग्धों तक ही जांच सीमित नहीं रख रही है, बल्कि हत्या के पीछे की पूरी साजिश, आर्थिक लेन-देन, आपसी संबंधों और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की जा रही कार्रवाई के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को बावलास गांव में साहूकार शोभालाल जैन की हत्या करके उनका शव कुएं में फेंक दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित