देवरिया , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा 08 मार्च को तुलसी सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रख्यात साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. पुष्पा सिंह "विसेन" को महादेवी वर्मा नागरी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। नागरी प्रचारिणी सभा के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को बताया कि सम्मान के अंतर्गत डॉ. पुष्पा सिंह को सात हजार रुपये नगद, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि देवरिया जिले के लार कस्बे में जन्मी डॉ. पुष्पा सिंह ने स्नातक की शिक्षा गोरखपुर विश्वविद्यालय से तथा स्नातकोत्तर की शिक्षा कानपुर विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। उनकी प्रमुख कृतियों में दर्द के गलियारे, यादों के पर्दे, तुम बिन, मेघांजलि, तन्हाई का मंजर, निखरे कुंदन और बोलते शब्द शामिल हैं। वर्तमान में वह गाजियाबाद में निवास कर रही हैं।

डॉ. पुष्पा सिंह को दिल्ली अकादमी द्वारा साहित्यिक कृति सम्मान, मध्यप्रदेश की तुलसी अकादमी का तुलसी सम्मान, प्रभा संस्था कौसानी (उत्तराखंड) का राष्ट्र गौरव सम्मान, भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा बिहार कविरत्न सम्मान तथा इंडियन कल्चरल सोसायटी पंजाब से भी सम्मानित किया जा चुका है।

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. सत्या पांडेय (पूर्व महापौर, गोरखपुर) तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनुभा सिंह (ब्लॉक प्रमुख, लार, देवरिया) होंगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्यकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित