रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश में महतारी वंदन योजना, आबकारी नीति और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। श्री साव ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं से कांग्रेस परेशान है और जनता अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।

सरगुजा में शराब के मुद्दे पर महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में "घर-घर शराब पहुंचाई गई, पूरे प्रदेश को नशे का अड्डा बना दिया गया और बड़ा शराब घोटाला हुआ।" उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, जिससे कांग्रेस को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला है।

सूरजपुर में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर कटाक्ष करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता आम जनता के मुद्दों पर कभी एकजुट नहीं होते, बल्कि "वे हमेशा खामोश रहते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि "कांग्रेसी सिर्फ अपराधियों के लिए ही एकजुट होते हैं।" श्री साव ने कहा कि जिस व्यक्ति के समर्थन में कांग्रेस आंदोलन कर रही थी, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर कांग्रेस से जुड़े एक महंत की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए श्री साव ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं और संत-महात्माओं के खिलाफ टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस का "सनातन विरोधी चेहरा" बार-बार उजागर होता है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "अगर कांग्रेस में हिम्मत है, तो किसी अन्य धर्म के संत के खिलाफ बोलकर दिखाए।" उन्होंने इस तरह की टिप्पणी को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोले जाने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मामला सरकार के संज्ञान में है और इसकी गहन जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।

वहीं, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और तहसीलदार के बीच विवाद एवं मारपीट के मामले पर श्री साव ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित