नयी दिल्ली , मार्च 07 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय न्यूयॉर्क में 9 से 12 मार्च तक आयोजित होने महिलाओं की स्थिति पर आयोग के 70वें सत्र (सीएसडब्ल्यू-70) में भाग लेंगी। इस दौरान श्रीमती ठाकुर लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगी।

ज्ञात रहे कि सीएसडब्ल्यू लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी निकाय है। इस मंच पर दुनिया भर के देश महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों से जुड़े नीतिगत मुद्दों और पहलों पर चर्चा करते हैं।

श्रीमती ठाकुर आयोग की आम चर्चा में भारत का वक्तव्य प्रस्तुत करेंगी। साथ ही वह "महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा" विषय पर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक को भी संबोधित करेंगी। इस अवसर पर वह महिला नेतृत्व वाले विकास, न्याय तक पहुंच को मजबूत करने और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, गरिमा तथा सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए भारत द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डालेंगी।

इसके अलावा वह न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन (पीएमआई) द्वारा आयोजित "महिला नेतृत्व वाला विकास और दक्षिण-दक्षिण सहयोग: आईबीएसए कोष की सफलता की कहानियां" विषयक एक विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में आईबीएसएक फंड के तहत भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका द्वारा संचालित विकास सहयोग पहलों को प्रस्तुत किया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य वैश्विक दक्षिण के देशों में महिलाओं को सशक्त बनाना और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।

सीएसडब्ल्यू-70 की प्राथमिक थीम "सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए न्याय तक पहुंच को सुनिश्चित और मजबूत करना" है। इसके अंतर्गत समावेशी और न्यायसंगत कानूनी प्रणालियों को बढ़ावा देना, भेदभावपूर्ण कानूनों और नीतियों को समाप्त करना तथा महिलाओं के सामने मौजूद संरचनात्मक बाधाओं को दूर करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

सत्र में आयोग के 65वें सत्र के स्वीकृत निष्कर्षों की भी समीक्षा की जाएगी, जिसमें सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की पूर्ण और प्रभावी भागीदारी, निर्णय-निर्माण में उनकी भूमिका तथा महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन से जुड़े मुद्दों पर प्रगति का आकलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित