लखीमपुर खीरी , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) में सावन मेले और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।

सावन के प्रथम सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सावन मेले के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। सीएमओ ने शिव मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट तथा कंजा मंदिर/आश्रम में स्थापित स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। सभी शिविरों में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक, फार्मासिस्ट और अन्य स्वास्थ्यकर्मी तैनात मिले।

निरीक्षण के दौरान जीवनरक्षक दवाओं, ओआरएस पैकेट, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा आकस्मिक चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित पाई गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग ने सावन मेले के दौरान प्रमुख स्थानों पर चिकित्सीय दलों और एंबुलेंस सेवाओं की 24 घंटे रोस्टरवार तैनाती की है। सीएमओ ने मौके पर मौजूद एंबुलेंसों का भी निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता और तैयारियों की समीक्षा की। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए नीलकंठ मैदान, रिलायंस पेट्रोल पंप तथा कंजा चौक पर 108 एंबुलेंस सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

निरीक्षण के अंत में सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित