वाराणसी , जुलाई 23 -- सावन माह में काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित करने का निर्णय लिया है। यह टीम कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल आपूर्ति तथा मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेगी।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सावन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम सहित शहर के प्रमुख शिवालयों तथा गंगा घाटों, विशेषकर दशाश्वमेध, शीतला, राजेंद्र प्रसाद और अस्सी घाट को जोड़ने वाली गलियों में प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।

बैठक में श्रद्धालुओं के मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भिक्षामुक्त काशी अभियान में तेजी लाने का भी निर्णय लिया गया। सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए जेटिंग मशीनों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।

सावन में पंचकोशी यात्रा के महत्व को देखते हुए पंचकोशी मार्ग की सड़कों की मरम्मत तथा व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही कांवड़ियों के लिए स्थापित किए जाने वाले शिविरों में नगर निगम की ओर से शुद्ध पेयजल, डस्टबिन, चूना छिड़काव और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सावन के दौरान अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम का अभियान और अधिक सख्ती से चलाया जाएगा। व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है, ताकि किसी भी शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

नगर निगम ने सावन के मद्देनजर शहर के प्रमुख शिवालयों की सूची भी तैयार की है, जहां विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इनमें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर, महामृत्युंजय, सारंगनाथ, कर्दमेश्वर महादेव, बैजनत्था महादेव, पातालेश्वर महादेव, ओंकारेश्वर, बिंदु माधव, सिगरा स्थित मल्लिकार्जुन मंदिर, शीतला माता मंदिर, चेतगंज स्थित बेन बाबा मंदिर, मड़ुआडीह एवं तुलसीपुर के शिव मंदिर, जयप्रकाश नगर और माधोपुर स्थित नया शिव मंदिर तथा केदारनाथ मंदिर शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित