भीलवाड़ा , जुलाई 30 -- राजस्थान में देवों के देव महादेव को समर्पित पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिन गुरुवार को भीलवाड़ा पूरी तरह शिवमय हो उठा।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थित शिवालयों में तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, गंगाजल, शहद, पंचामृत और बेलपत्र से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक करके परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। भीलवाड़ा के प्रसिद्ध हरनी महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे हाथों में पूजा की थाली लेकर भगवान शिव के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा।

हरणी महादेव ट्रस्ट के महादेव जाट ने बताया कि सावन मास के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना होगी और प्रत्येक सोमवार को भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रंगार और महाआरती आयोजित की जाएगी। पूरे सावन मास में मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहेगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

जिले के प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना लेकर नंगे पांव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित