चंडीगढ़ , अगस्त 3 -- देशभर में आज सावन का पहला सोमवार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हिंदू सनातन धर्म में सावन माह का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के सेक्टर-46 स्थित सनातन धर्म मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

मंदिर में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उन्हें जल, धतूरा, भांग, बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली, लंबी आयु तथा कारोबार में उन्नति की कामना कर रहे हैं।

मंदिर परिसर में सावन के चारों सोमवार को श्रद्धालुओं के सहयोग से खीर-पूडे का विशाल लंगर आयोजित किया जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां प्रसाद ग्रहण करते हैं। सेक्टर-46 का यह सनातन धर्म मंदिर धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी हमेशा अग्रणी रहता है।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार रामनवमी, दशहरा और रावण दहन जैसे आयोजनों का भी यहां भव्य स्तर पर आयोजन किया जाता है। विशेष रूप से रावण दहन कार्यक्रम हर वर्ष आकर्षण का केंद्र रहता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग और कई विशिष्ट अतिथि शामिल होते हैं। हर साल रावण दहन को नई थीम और विशेष आकर्षण के साथ आयोजित किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित