मैनपुरी , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में सावन मास के प्रथम सोमवार को सुबह से ही श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थित प्रमुख एवं प्राचीन शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। जनपद के प्रसिद्ध पौराणिक भीमसेन मंदिर तथा ऐतिहासिक चंदेश्वर मंदिर में विशेष रूप से आस्था का जनसैलाब दिखाई दिया। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प-मालाएं लेकर भगवान शिव के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान के साथ जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सावन के प्रथम सोमवार को देखते हुए पुलिस एवं जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग की गई तथा प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए, जिससे दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही। प्रशासन की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित