लखनऊ , जुलाई 30 -- सावन माह के पहले दिन गुरुवार को राजधानी लखनऊ के प्रमुख शिवालयों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, कोनेश्वर, सिद्धनाथ तथा चंद्रिका देवी मंदिर परिसर स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। लखनऊ की महापौर सुषमा खड़कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें, पेयजल, चिकित्सा सहायता केंद्र तथा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।

प्रशासन से जुड़े अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। पहला सावन सोमवार तीन अगस्त को होगा, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां पहले से ही तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गुरुवार से प्रमुख शिवालयों, विशेषकर मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, सिद्धनाथ और कोनेश्वर मंदिर के आसपास संशोधित यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है।

आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी गई है तथा यातायात नियंत्रण कक्ष को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर तथा स्थानीय घाटों से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर भी लगाए जा रहे हैं।

सावन के आगमन के साथ ही राजधानी के पूजा सामग्री बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। चौक, हजरतगंज और बुद्धेश्वर क्षेत्र के बाजारों में फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, रुद्राक्ष और मिट्टी के पूजन पात्रों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही से पूरे शहर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित