पटना , अगस्त 24 -- पवित्र सावन के महीने की आखिरी सोमवारी को आज आस्था की पराकाष्ठा सर चढ़ कर बोली और लाखों महादेव के भक्तों ने विभिन्न शिवालयों में आराध्य देव को जल अर्पित किया।सावन की अंतिम सोमवारी पर बिहार समेत देश के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने गंगाजल, दूध और पंचामृत से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंजते रहे।

झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। बिहार के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा पर जल चढ़ाने पहुंचे। अंतिम सोमवारी पर करीब चार लाख श्रद्धालुओं के जलार्पण करने का अनुमान है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, सीसीटीवी और कतार प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की।

बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर और बाबा हरिहर नाथ मंदिर, सोनपुर में भी सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। कांवरियों और शिवभक्तों की भीड़ के कारण मंदिर परिसर और आसपास का इलाका भक्तिमय बना रहा। सावन के दौरान यहां कांवरियों की सेवा और उनके स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित