फर्रुखाबाद , जुलाई 28 -- श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फर्रुखाबाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मंगलवार को गंगा पांचाल घाट और प्रसिद्ध दुर्वासा ऋषि आश्रम क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा प्रबंध और यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें।

उन्होंने पांचाल घाट एवं महर्षि दुर्वासा आश्रम परिसर के पर्यटन महत्व को देखते हुए स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पांचाल घाट के आसपास गंगा नदी में पानी की गहराई वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए, जिससे स्नान और जल भरने के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने घाट पर पूजन सामग्री की दुकानों को व्यवस्थित कराने तथा पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती कर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

दुर्वासा ऋषि आश्रम क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत निधि से गंगा किनारे नियमित साफ-सफाई कराने, घाटों पर कूड़ेदान रखवाने तथा जेसीबी के माध्यम से झाड़ियों एवं कूड़े की सफाई कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा कांवड़ यात्रा मार्गों पर आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित