अलवर , अगस्त 07 -- राजस्थान में सावन और रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर अलवर डाक मंडल ने नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं शुरू करने की तैयारी की है।

अलवर डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक मोहन सिंह मीणा ने बताया कि इस बार डाक विभाग ने राखी को सुरक्षित और समय पर देश-विदेश तक पहुंचाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए गंगोत्री से मंगाये गये गंगाजल की भी व्यवस्था की है।

सावन में दो प्रमुख धार्मिक पर्व आते हैं। एक ओर जहां श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ की कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं, वहीं दूसरी ओर रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। दोनों ही अवसरों को देखते हुए डाक विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गयी हैं। रक्षाबंधन के लिए डाक विभाग ने विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे और बॉक्स तैयार किये हैं। इनकी मदद से बारिश के मौसम में भी राखियां सुरक्षित रहेंगी और उन्हें देश के किसी भी हिस्से के साथ-साथ विदेशों में भी भेजा जा सकेगा।

डाक विभाग की ओर से राखी भेजने के लिए 10 और 20 रुपये के वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा 10,15 और 30 रुपये के वाटरप्रूफ बॉक्स भी तैयार किये गये हैं, जिनमें राखी के साथ मिठाई भी भेजी जा सकेगी।

श्री मीणा ने बताया कि राखी संबंधी यह विशेष व्यवस्था 12 अगस्त से शुरू होगी। इसके लिए डाकघरों में विशेष काउंटर लगाये जाएंगे, ताकि लोगों को राखी भेजने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो और राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित