नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- भारत अगले दो साल में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और चार साल में उच्च-मध्य आय वाला देश बन जायेगा।

भारतीय स्टेट बैंक की अनुसंधान इकाई एसबीआई रिसर्च की सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गयी है। इसमें बताया गया है कि निम्न-मध्य आय वाले देश से उच्च-मध्य आय वाले देश की श्रेणी में शामिल होने के लिए प्रति व्यक्ति 4,500 डॉलर सालाना आय का लक्ष्य हासिल करना जरूरी है। भारत जिस गति से प्रगति कर रहा है, साल 2030 तक इस मुकाम पर पहुंच जायेगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आजादी के बाद 62 साल में देश की प्रति व्यक्ति आय 1,000 डॉलर पर पहुंची। इसे 2,000 डॉलर पर पहुंचने में अगले 10 साल और 3,000 डॉलर पर पहुंचने में और सात साल लगे। इसमें अनुमान जताया गया है कि अगले चार साल में वर्ष 2030 तक प्रति व्यक्ति आय 4,000 डॉलर तक पहुंच जायेगी और विश्व बैंक की मौजूदा परिभाषा के अनुसार भारत चीन और इंडोनेशिया के साथ उच्च-मध्य आय वाले देशों में शामिल हो जायेगा।

एसबीआई रिसर्च का कहना है कि 4,500 डॉलर प्रति व्यक्ति के सकल राष्ट्रीय आय पर पहुंचने के लिए वर्तमान मूल्य पर आधारित नॉमिनल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 11.5 प्रतिशत की दर से वृद्धि की जरूरत है जो संभव है। पिछले 22 साल में यह औसतन 10 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित