नरसिंहपुर , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में सोमवार को एक दम्पत्ति की हत्या के मामले में मृतक का साला ही मुख्य आरोपी निकला। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने आज पत्रकारों को बताया कि सोमवार को छुटई चौधरी (70) और उनकी पत्नी केराबाई (65) की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया था। इस अंधे हत्याकांड की जांच में पुलिस श्वान की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जो बार-बार एक ही स्थान पर जाकर रुक रहा था। वहां जांच करने पर अधजले कपड़े मिले, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कटनी की ओर भाग गए थे। पुलिस ने वहां दबिश देकर मुख्य आरोपी हल्के चौधरी सहित अन्य आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में हल्के चौधरी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसके बेटे की शादी के लिए उसने जीजा और बहन से पैसे और जेवर मांगे थे, लेकिन उन्होंने देने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद से विवाद चल रहा था।
आरोपी ने बताया कि घटना को उस रात अंजाम दिया गया, जब भारत का फाइनल मैच चल रहा था, ताकि लोगों का ध्यान दूसरी ओर रहे और किसी को घटना की जानकारी न हो सके।
पुलिस ने इस मामले में हल्के चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, इलायची बाई चौधरी, गुड्डू उर्फ कालीराम चौधरी, रानी चौधरी सभी निवासी बम्होरी तथा बड्डू उर्फ भुवन चौधरी निवासी सूखा खैरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या के बाद लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित