छिंदवाड़ा , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया थाना क्षेत्र में साली से कथित संबंधों के शक में 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव जंगल में छोड़कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, आठ अक्टूबर को डिंडी-जोगीभुआर मार्ग के पास बाई-बहना जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। उसके माथे पर चोट के निशान थे और गले तथा हाथों में मफलर बंधा हुआ था। घटनास्थल से नारंगी रंग का गमछा और जंगल के प्रवेश द्वार के पास घास में छिपाया गया मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान इटावा निवासी राजेश सल्लाम (26) के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि राजेश पिपरिया में मजदूरी करता था। सात अक्टूबर को वह तिलकराम उर्फ राजेश कवरेती के साथ बाइक से पिपरिया से कोहका जाने निकला था, लेकिन अगले दिन तिलकराम अकेला लौट आया। पुलिस ने पिपरिया-तामिया मार्ग स्थित कुआबादला टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दोनों बाइक पर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तिलकराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि तिलकराम को राजेश के अपनी साली से कथित संबंध होने का शक था। इस विवाद में तिलकराम के साले राजेश कुडोपा ने भी मृतक को धमकी दी थी। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। सात अक्टूबर को राजेश को अपने साथ ले जाने के बाद आरोपियों ने रास्ते में उसे शराब पिलाई और बाई-बहना जंगल के पास बाइक रोक दी। वहां डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के बाद मफलर से उसका गला कस दिया। पुलिस के अनुसार, सिर जमीन पर पटकने से भी उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की ग्रे रंग की साइन बाइक, उसकी चाबी और वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुडोपा (44), निवासी कोहका, थाना परासिया और तिलकराम उर्फ राजेश कवरेती (46), निवासी मोरढाना, थाना तामिया, हाल निवासी पिपरिया के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित