फतेहपुर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में साली को कार में बैठाकर भाग रहे युवक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि बिंदकी थाना क्षेत्र के जेनिहा कस्बा निवासी गीता सोनी पत्नी की बड़ी बहन की 15 वर्षीय पुत्री का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान किशोरी की अपने जीजा दीपक से नजदीकियां बढ़ गईं और दो दिन पूर्व वह उसे लेकर फरार हो गया।
परिजनों ने इस संबंध में चौकी में तहरीर दी थी। जेनिहा चौकी में शनिवार देर शाम तक पंचायत चली, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पुलिस ने पक्षकारों को न्यायालय जाने की सलाह दी। बताया गया कि बाद में दीपक कार में किशोरी को बैठाकर जा रहा था। इस दौरान युवती का भाई और उसके कुछ साथी बाइक से कार का पीछा करने लगे। काफी दूर जाने के बाद उन्होंने कार के आगे बाइक खड़ी कर किशोरी को उतारने का प्रयास किया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दीपक ने कार बाइक सवारों पर चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में अनु सोनकर (35), अवध बिहारी (23) और सत्यवान सैनी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात दबिश देकर आरोपी दीपक को हिरासत में ले लिया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी तथा अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। एहतियातन मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित