पटना , जून 3 -- बिहार सरकार ने राज्य के निवासियों खासकर गरीब वर्ग के लोगों के लिए ईलाज की सुविधा बढ़ा दी है और अब सालाना 4 लाख रुपये की आमदनी वाले लोगों को भी मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना का लाभ मिलेगा।

पहले यह वार्षिक आय सीमा 2 लाख 50 हजार रुपये ही थी। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में इस आय सीमा को बढ़ाते हुए 4 लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय से बड़ी संख्या में राज्य के नागरिकों को लाभ मिलेगा।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी ने आज संवाददाताओं को बताया कि कैबिनेट की बैठक में 13 एजेंडों पर मुहर लगी। उन्होंने कहा कि डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तहत भोजपुर जिला में बाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की स्थापना करने के लिए राशि जारी की गई। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के गैर लाभुक अवयव के तहत इस पार्क की स्थापना की गई है। इसमें केंद्रांश और राज्यांश मिलाकर 31 करोड़ 20 लाख 92 हजार रुपये दिए गए हैं। इससे राज्य के मात्स्यिकी एवं जल कृषि की संपूर्ण वैल्यू चेन एवं आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में गुणात्मक बढ़ोतरी, मत्स्य प्रसंस्करण, व्यापार, वैज्ञानिक मत्स्य पालन तकनीक की प्रशिक्षण तथा मनोरंजन गतिविधियों का समेकित रूप से समग्र विकास होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित