भिवानी , नवंबर 02 -- हरियाणा के भिवानी मे लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं होने और ईएसआई कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के अनुबंध कर्मचारियों ने सोमवार को चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों ने सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे काम बंद रखकर धरना दिया और बकाया वेतन का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई।

यूनियन के जिला प्रधान दीपक तंवर ने बताया कि कर्मचारियों की करीब साढ़े तीन महीने की सैलरी पिछले एक साल से लंबित है। अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और जनवरी के 19 दिनों का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। इसके चलते प्रत्येक कर्मचारी का करीब 65 से 70 हजार रुपये तक बकाया है। उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को परिवार का खर्च चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित