मिदनापुर , सितंबर 19 -- पश्चिम बंगाल सीआईडी ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कथित करीबी सहयोगी सुमित रॉय को सालबोनी भूमि घोटाला मामले में पांच दिनों की अतिरिक्त हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी का दावा है कि रॉय से पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पहले दी गई रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद सीआईडी ने शनिवार को सुमित रॉय को मिदनापुर अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने मामले की गहन पूछताछ के लिए हिरासत अवधि पांच दिन और बढ़ाने की मंजूरी दे दी। सीआईडी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े इस मामले में रॉय को गिरफ्तार किया था।
सीआईडी सूत्रों के अनुसार, हिरासत के दौरान पूछताछ में सुमित रॉय ने स्वीकार किया है कि उसने यह कदम श्री बनर्जी के निर्देशों पर उठाए थे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस पर श्री बनर्जी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया आई है। जांच अधिकारी अब रॉय के जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर उनके बयानों की पुष्टि करने में जुटे हैं।
गौरतलब है कि सालबोनी भूमि घोटाला मामले में मिदनापुर से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और पार्टी के पूर्व सांगठनिक जिलाध्यक्ष सुजय हाजरा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित