हरिद्वार , जून 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने, महिलाओं से छिंटाकशी करने तथा आम जनता के लिए परेशानी खड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ शुक्रवार देर रात भगवानपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 15 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने कल देर रात विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों तथा सुनसान क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार कई लोग खुलेआम शराब का सेवन कर राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए असुविधा उत्पन्न कर रहे थे। कुछ व्यक्तियों द्वारा नशे की हालत में अभद्र व्यवहार और छिंटाकशी किए जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऐसे कुल 15 लोगों को हिरासत में लिया।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तथा सामाजिक माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित