बैतूल , मई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर के विवेकानंद वार्ड में सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर कथित अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड निवासी हरप्रीत खुराना ने कलेक्टर बैतूल, एसडीएम मुलताई और नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार फव्वारा चौक मेन रोड पर ताप्ती सरोवर के सामने स्थित नजूल खसरा संधारण शीट क्रमांक 21 के भूखंड क्रमांक 87/1 का कुल क्षेत्रफल 43.80 वर्गमीटर है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि नगरपालिका के सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज बताई गई है। आरोप है कि इसी शासकीय भूमि पर आरसीसी निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता हरप्रीत खुराना का कहना है कि यह मार्ग फव्वारा चौक से जैन कोल्ड्रिंक रोड स्थित मजार वाली गली तक जाने वाले प्रमुख रास्ते का हिस्सा है। यदि निर्माण पूरा हो गया तो आम लोगों का आवागमन बाधित हो जाएगा और वर्षों पुराना सार्वजनिक रास्ता बंद हो सकता है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति का स्वामित्व केवल भूखंड क्रमांक 87/2 तक सीमित है, जबकि अतिरिक्त शासकीय भूमि पर निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि निर्माण के लिए नजूल विभाग और नगर पालिका से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त नहीं किया गया है।
उन्होंने वर्ष 2006 और 2015 में नगर पालिका द्वारा जारी नोटिसों का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व में भी स्वामित्व से अधिक भूमि पर निर्माण को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। शिकायतकर्ता ने जनसुनवाई में मामले की जांच कर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित