चंडीगढ़ , अगस्त 24 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस सांसद डॉ धर्मवीर गांधी द्वारा राज्य सरकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर किये गये सवालों की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं कर रही, बल्कि पंजाब की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने तथा युवा पीढ़ी को गुरुओं और संतों की शिक्षाओं से जोड़ने के लिए इसका उचित उपयोग कर रही है। सोमवार को एक वीडियो संदेश में श्री चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार का उद्देश्य ऐसे कार्यों पर सार्वजनिक धन खर्च करना है, जिनसे राज्य की विरासत सुरक्षित रहे और नयी पीढ़ी अपने धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी रहे।
उन्होंने कहा, " हम सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपनी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत और गुरुओं-संतों की शिक्षाओं से जोड़कर उसका सदुपयोग कर रहे हैं। "वित्त मंत्री ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का 350वां शहीदी दिवस पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को नौवें सिख गुरु के महान बलिदान और उनके संदेश से परिचित कराना था। इसी तरह उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व भी पूरे पंजाब में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है।
श्री चीमा ने कहा, 'हमारे राम' जैसे कार्यक्रम भी लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ बच्चों और युवाओं को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम हैं। उन्होंने पंजाब सरकार की तीर्थयात्रा संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी धार्मिक स्थलों की यात्रा करने की इच्छा पूरी हो रही है। आर्थिक तंगी या उम्र के कारण कई लोग अपनी इच्छा के बावजूद तीर्थयात्रा नहीं कर पाते थे। सरकार उन्हें महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री चीमा ने कहा कि जनहित से जुड़ी ऐसी पहलों का विरोध कांग्रेस की लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं से दूरी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लोगों की इच्छाएं पूरी करने और उन्हें अपनी आस्था व विरासत से जोड़ने वाली पहलों की सराहना करने के बजाय राजनीतिक कारणों से उनकी आलोचना कर रहे हैं।
श्री चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी ऐसी पहलों में निवेश जारी रखेगी, जो युवा पीढ़ी को पंजाब की गौरवशाली धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार सभी समुदायों की आस्था, परंपराओं और भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित