गाले (श्रीलंका) , जुलाई 03 -- सारांश जैन और गुरनूर बराड़ (चार-चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंका ए को पहली पारी में 366 रन के स्कोर पर समेट दिया। भारत ए ने इसके जवाब में साई सुदर्शन (नाबाद 104) और देवदत्त पड़िक्कल (नाबाद 94) की शानदार पारियों की बदौलत एक विकेट पर 247 रन बना लिए हैं। भारत ए अभी 119 रन से पीछे है और उसने मैच पर शिकंजा कस दिया है।
साई सुदर्शन ने 184 गेंदों की अपनी पारी में 13 चौके लगाए हैं जबकि देवदत्त पड़िक्कल ने 151 गेंदों में 11 चौके लगाए हैं। अमन मोखाड़े 38 रन बनाकर आउट हुए। सुदर्शन और देवदत्त पड़िक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी कर भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
इससे पहले श्रीलंका ए ने कल के पांच विकेट पर 288 रन से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में गुरनूर बराड़ ने चमीका गुणाशेखरा (13) रन को आउटकर भारत ए को छठी सफलता दिलाई। इसके बाद सारांश जैन ने केशरा नुवंता (एक) का शिकार कर लिया। 109वें ओवर में सारांश जैन ने दिलम सुदीरा (20) को पगबाधा आउट कर श्रीलंका को आठवां झटका दिया। इस दौरान सहान अराछिगे ने अपना शतक पूरा किया। अगले ही ओवर में बराड़ ने कप्तान सहान अराछिगे (127) रन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। सहान अराछिगे ने अपनी पारी में 207 गेंदों का सामना किया और 13 चौके और दो छक्के लगाये। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बराड़ ने असंका मनोज (चार) को बोल्ड कर श्रीलंका ए की पारी को 366 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
भारत के लिए सारांश जैन और गुरनूर बराड़ ने चार-चार विकेट लिये। यश ठाकुर ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित