छपरा , अक्टूबर 19 -- बिहार में सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, तथा उसकी पत्नी और पुत्र घायल हो गए।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गड़खा थाना क्षेत्र के कसिना पिरारी गांव निवासी शैलेन्द्र मांझी (40) अपनी पत्नी रिंकू देवी और पुत्र हीरालाल कुमार के साथ दशहरा मेला देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।इसी दौरान मकेर थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि वहां से गुजर रही डायल 112 की पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शैलेन्द्र मांझी की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित