छपरा , जून 24 -- बिहार में सारण जिले के पानापुर प्रखंड की आशा कार्यकर्ताओं ने 11 माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के विरोध में बुधवार को पानापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में प्रदर्शन किया।सूत्रों ने बताया कि प्रखंड की सभी आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय पिछले 11 माह से लंबित है। प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस मुद्दे को लेकर बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक से वार्ता की थी। उस दौरान 31 मई 2026 तक सभी लंबित भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं किया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को एक आवेदन सौंपा। आवेदन में कहा गया है कि बकाया मानदेय का भुगतान होने तक आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित