छपरा , जून 15 -- बिहार के सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने एक पैक्स प्रबंधक पर चाकू से हमला कर उनसे 5.60 लाख रुपये और मोटरसाइकिल लूट ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि केरवां पंचायत के पैक्स प्रबंधक छोटे लाल साह मोटरसाइकिल से 5.60 लाख रुपये लेकर रायपुर अटौली गांव स्थित एक चावल मिल जा रहे थे। इसी दौरान चहपुरा गांव के समीप सुनसान स्थान पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने परअपराधियों ने उनपर चाकू से हमला किया और रुपये से भरा बैग तथा मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल छोटे लाल साह सड़क पर गिर पड़े।
वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने घायल को तत्काल निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित