छपरा , जून 23 -- बिहार में सारण जिले के सहाजीतपुर और दरियापुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सहाजीतपुर थाना क्षेत्र के पिपरा कोल्हुआरा टोला निवासी धीरेन्द्र कुमार सिंह का पुत्र अभिजीत कुमार उर्फ गोलू (27) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जाता है कि नौकरी के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार असफल होने के कारण वह मानसिक तनाव में था । इसी वजह से उसने अपने कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

एक अन्य घटना में दरियापुर थाना क्षेत्र के दरिहारा भुआल गांव निवासी अरुण कुमार सिंह के पुत्र निखिल कुमार सिंह (18) ने परिजनों के साथ विवाद के बाद अपने कमरे का दरवाजा बंद कर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित