छपरा , जुलाई 15 -- बिहार में सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो हथियार बरामद किए हैं।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर पानापुर बाजार स्थित एक पान दुकान के पास खड़े तुर्की गांव निवासी शहाबुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।पूछताछ में शहाबुद्दीन ने बताया कि उसने यह कट्टा फकुली गांव निवासी तिलक शर्मा से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने तिलक शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक अन्य हथियार भी बरामद किया गया।

सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित