छपरा , जून 29 -- बिहार के सारण जिले में मशरक थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार कर तीन मवेशी और एक चोरी की पिकअप वाहन जब्त की है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सूचना के आधार पर मशरक थाना पुलिस ने डुमरसन चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक चोरी की पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन मवेशी मिले। वाहन चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान खजूरी गांव निवासी अनिल राम के रूप में हुई। वह मवेशियों की खरीद-बिक्री और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों मवेशियों और पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित