छपरा , अप्रैल 28 -- बिहार के सारण जिले के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित पर्यवेक्षण गृह सह बाल सुधार गृह का निरीक्षण किया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सेक्शनवार एवं विषयवार योग्य शिक्षकों का चयन कर रोस्टर तैयार किया जाए, जिससे गृह में रह रहे विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बताया कि पूर्व निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को बड़े बच्चों से अलग रखने की व्यवस्था की गई है और उन्हें अलग कक्ष में आवासित किया गया है।
जिलाधिकारी ने परिसर, भवन एवं रसोईघर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिए।साथ ही, गृह में रह रहे बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण पदाधिकारी, पर्यवेक्षण गृह के अधीक्षक तथा सुरक्षा गार्ड उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित