छपरा , जून 22 -- बिहार में सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि केतुका लच्छी गांव की सात वर्षीय बच्ची अपने दादाजी को बुलाने के लिए अपने घर से जा रही थी। इसी दौरान सुजीत कुमार नामक एक युवक ने उसे पांच रुपया का लालच देकर अपने पोल्ट्री फार्म मेंलेजाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। उक्त बच्ची किसी तरह आरोपी के चुंगल से भागकर अपने घर पहुंची,और मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सारण के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, मढ़ौरा के पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। आरोपी सुजीत कुमार के विरुद्ध बच्चों का लैंगिक अपराध से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित