छपरा, मई 18 -- बिहार में सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में सरयू नदी में डूबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा गड़हा मुहल्ला निवासी स्व. शिवजी राम का पुत्र मनोज कुमार राम(41) रिविलगंज थाना क्षेत्र के दिलिया रहीमपुर गांव स्थित सरयू नदी के समीप शौच करने के बाद अपना मोबाइल फोन नदी के तट पर छोड़ कर हाथ-पैर धोने के लिए नदी में उतरा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी परिजनों को तब मिली जब वह बहुत देर तक घर वापस नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने जब मनोज की खोजबीन शुरू की तो उसका मोबाइल फोन नदी तट पर देखा। परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है ।पुलिस इस मामले में मृतक के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित