छपरा , अप्रैल 30 -- बिहार में सारण जिले के जनता बाजार और गड़खा थाना क्षेत्र में पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर दो लोगों ने आत्महत्या कर ली है।
पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि जनता बाजार थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी कन्हैया चौरसिया के पुत्र पिंटू चौरसिया (32) को उसकी पत्नी बराबर प्रताड़ित किया करती थी। इसके कारण उसने छत के वेंटिलेटर से लटककर आत्महत्या कर ली है।
वहीं दूसरी घटना में गड़खा थाना क्षेत्र के रहमपुर नारायणपुर गांव निवासी राम लायक राय का पुत्र कन्हैया राय (38) अपने पत्नी से प्रताड़ित होकर कोलकाता चला गया था। वह पिछले दिनों अपने घर वापस आया था। कन्हैया की पत्नी ने जब उससे झगड़ा किया तो उसने अपने घर से एक किलोमीटर दूर जाकर एक आम के बगीचे में रस्सी का फंदा लगाकर आम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दोनों थाना की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।दोनों थाना की पुलिस इन मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित