छपरा , मई 13 -- बिहार के सारण जिले में दरियापुर थाना की पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ। उक्त वीडियो में एक व्यक्ति देवी-देवताओं के फोटो को फाड़कर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा था।
सूत्रों ने बताया कि उक्त वीडियो को देखकर सारण के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि उक्त वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषी व्यक्ति को अविलम्ब गिरफ्तार किया जाये।
सूत्रों ने बताया कि उक्त वीडियो की जांच करने के बाद दरियापुर थाना की पुलिस ने अकबरपुर सीतलपुर गांव निवासी राहुल जाटव उर्फ राहुल राम को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित